प्रतापगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
रेस्टोरेंट-होटलों से लिए गए 7 नमूने
प्रतापगढ़, ब्यूरो जन एक्सप्रेस।
जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को जनपद के विभिन्न रेस्टोरेंट, होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों में सघन जांच अभियान चलाया। जिला अभिहित अधिकारी अभय कुमार सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने नगर पालिका परिषद क्षेत्र में कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई व्यवस्था की जांच की गई। टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से कुल सात खाद्य नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।अभियान के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री के रखरखाव और स्वच्छता व्यवस्था में कमियां भी सामने आईं। अधिकारियों ने अस्वच्छ और कालातीत खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया। विभाग के अनुसार इस कार्रवाई में करीब 20 हजार रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।
तमसातट रेस्टोरेंट से पनीर का नमूना
बेल्हा देवी मंदिर के समीप स्थित तमसातट रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। यहां से पनीर का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। इसी प्रतिष्ठान में शीतल पेय निर्माण में इस्तेमाल होने वाली 25 बोतल फ्रूट सीरप कालातीत पाई गईं। अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए सभी बोतलों को मौके पर ही नष्ट करा दिया।
किशोरी मिष्ठान भंडार में 40 किलो दूध नष्ट
इसके बाद टीम ने किशोरी मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया। यहां से पनीर का एक नमूना संग्रहित किया गया। निरीक्षण के दौरान करीब 40 किलोग्राम दूध अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित मिला। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दूध को मौके पर नष्ट कराया और प्रतिष्ठान संचालक को नोटिस जारी किया।
कैफे और रेस्टोरेंट में भी मिलीं कमियां
केक्स एंड कुकीज कैफे में जांच के दौरान पैकेटबंद ब्रांडेड ड्राईफ्रूट का एक नमूना लिया गया। इसे खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। वहीं कैफे के किचन में पाई गई कमियों को लेकर संचालक को नोटिस जारी किया गया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में स्पाइस वैली रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया। टीम ने यहां से पनीर का नमूना लिया। साथ ही अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी करीब 10 किलोग्राम दाल मखानी को मौके पर ही नष्ट कराया गया। जिंजर रेस्टोरेंट में भी खाद्य सुरक्षा टीम ने जांच की। यहां अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित पनीर का नमूना लिया गया। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान की साफ-सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के कड़े निर्देश दिए।
दूध विक्रेताओं से भी लिए गए नमूने
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने केवल रेस्टोरेंट और होटलों तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रखी। नगर पालिका क्षेत्र में फेरी लगाकर दूध बेचने वाले दो विक्रेताओं की भी जांच की गई। दोनों विक्रेताओं से मिश्रित दूध के दो नमूने लिए गए। इन नमूनों को भी खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है।इस तरह पूरे अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की सचल टीम ने कुल सात खाद्य नमूने संग्रहित किए। इन सभी नमूनों की प्रयोगशाला जांच के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई के निर्देश
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। पूरी कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रोशन सिंह, संतोष कुमार दूबे, डॉ. यादव संजय कुमार नन्हकू, शहाब उद्दीन सिद्दीकी और डॉ. शमशुन नेहा मौजूद रहे। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति रही।






