अयोध्याउत्तर प्रदेशराज्य खबरें

मिल्कीपुर उपचुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, सपा का किला ध्वस्त

चंद्रभानु पासवान ने सपा को दी करारी शिकस्त

जन एक्सप्रेस/ अयोध्या: मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान ने समाजवादी पार्टी के अजीत प्रसाद को 61,540 वोटों से मात देकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। चंद्रभानु पासवान को 1,46,141 वोट, जबकि अजीत प्रसाद को 84,601 वोट मिले। इस जीत को भाजपा के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि यह सीट सपा का मजबूत गढ़ रही है। 1991 से अब तक सपा ने छह बार यहां जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा को केवल दो बार ही सफलता मिली थी।

भाजपा के लिए साख की लड़ाई, सपा के लिए बड़ा झटका
लोकसभा चुनाव में अयोध्या सीट पर मिली हार के बाद भाजपा के लिए यह उपचुनाव बेहद अहम था। पार्टी के लिए यह प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गई थी, जिसे चंद्रभानु पासवान ने बड़ी जीत में बदल दिया। यह जीत मिल्कीपुर के चुनावी इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी जीत बताई जा रही है, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।

सपा प्रत्याशी अपने ही बूथ से हारे, घर से नहीं निकले नेता
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद अपने ही बूथ से हार गए। चुनाव परिणाम आने के बाद न तो वे और न ही उनके सांसद पिता अवधेश प्रसाद घर से बाहर निकले। घर पर ही मीडिया से बातचीत में अवधेश प्रसाद ने भाजपा पर बूथ कैप्चरिंग और धांधली का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा ने बेईमानी का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

अखिलेश यादव का भाजपा पर बड़ा आरोप
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव नतीजों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भाजपा की जीत को “झूठी जीत” करार देते हुए कहा, “भाजपाई इसे आंखों में आंखें डालकर नहीं मना सकते।” उन्होंने चेतावनी दी कि “जिन अफसरों ने गड़बड़ी की है, वे कानून से भी बच नहीं पाएंगे और न ही कुदरत उन्हें माफ करेगी।” अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सपा इस हार को लेकर आगे क्या रणनीति बनाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button