कानपुर

भाजपा को आशीर्वाद देकर विपक्ष को आईसीयू में पहुंचाएं : केशव प्रसाद मौर्य

कानपुर । केन्द्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से जनता भाजपा के साथ जुड़ती ही जा रही है। इससे सपा, बसपा और कांग्रेस पार्टी बीमार हो चुकी है और अब उनके नेता नगर निकाय चुनाव में चुनाव प्रचार करने से भी बचने लगे हैं। ऐसे में आप लोगों से अपील है कि पहले की भांति भाजपा को आशीर्वाद दें, ताकि विपक्ष आईसीयू में पहुंच जाये और नगर में आपकी दोबारा सरकार बन जाये। यह बातें शनिवार को कानपुर में चुनाव प्रचार के दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कही।

नगर निकाय चुनाव में भले ही विपक्ष के नेता प्रचार से दूरी बना रखे हों लेकिन भाजपा चुनाव को चुनाव की तरह ही देख रही है। इसी के तहत कानपुर में सत्ताधारी पार्टी के नेता इन दिनों धुंवाधार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, केन्द्रीय मंत्री कौशल किशोर और उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी के बाद शनिवार को उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी चुनाव प्रचार करने पहुंचे।

उन्होंने कहा कि केन्द्र की मजबूत मोदी सरकार के बदौलत जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद- 370 हटी और अयोध्या में राम मंदिर बन रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार विकास की गंगा बहा रहे हैं। योगी सरकार में पहली बार उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त है और अपराधी भागने को विवश हैं। आप लोग नगर के विकास के लिए एक बार भाजपा महापौर उम्मीदवार प्रमिला पाण्डेय सहित सभी पार्षद उम्मीदवारों को आर्शीवाद देकर नगर में भाजपा की सरकार बनायें।

उन्होंने कहा कि सपा बसपा कांग्रेस तीनों एक ही थाली के चट्टे बट्टे हैं। अखिलेश यादव का यूपी से मोहभंग हो चुका है। अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी को कर्नाटक में कोई जानता नहीं है। ऐसा लगता है कि अखिलेश पराजय स्वीकार करके कर्नाटक प्रस्थान कर गए हैं। व्यंग करते हुए कहा कि पहले चरण में सपा की साइकिल का टायर, ट्यूब, सब कुछ लोग खोल कर ले गए हैं। विपक्षी लोग किसी का भला नहीं चाहते, गुंडों के शरण दाता हैं, भ्रष्टाचार बढ़ाने वाले लोग हैं। एक एक वोट कमल के फूल पर आपको डालना है।

इस दौरान प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जयप्रकाश कुशवाहा, मनोज राजपूत, संजय विश्वकर्मा, विधायक महेश त्रिवेदी, सुरेंद्र मैथानी, जिलाध्यक्ष डॉ वीना आर्या पटेल, सुनील बजाज, रमाकांत शर्मा, अनुभव कटियार, किरण निषाद, अरुण पाल, संजय कटियार, जिला मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी आदि मौजूद रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button