
जन एक्सप्रेस, उत्तराखंड। उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले में टांडा जंगल के भीतर हुए सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतक के मुंहबोले साले समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 10 लाख रुपये का कर्ज चुकाने से बचने के लिए आरोपी ने अपने जीजा की बेरहमी से डंडे से पीटकर हत्या कर दी। शव को जंगल में फेंककर तीनों फरार हो गए थे। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है।
तीन साल पहले दिया था कर्ज, बार-बार मांगने पर बना दुश्मनी की वजह
पुलिस के मुताबिक मृतक भूगेंद्र चौहान निवासी गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ वर्तमान में रुद्रपुर की ग्रींस कॉलोनी में रहते थे। पेशे से प्रॉपर्टी डीलर और मैजिक चालक थे। उन्होंने अपने मुंहबोले साले बालम सिंह बिष्ट को तीन वर्षों में 10 लाख रुपये उधार दिए थे। रकम लौटाने के बजाय बालम ने अपने दो साथियों हरीश सिंह नेगी और उमेश सिंह बोरा उर्फ अनिया के साथ मिलकर भूगेंद्र की हत्या की साजिश रच डाली।
ऐसे दिया घटना को अंजाम
10 जून को बालम ने भूगेंद्र को फोन कर पैसे लौटाने का झांसा दिया
पहले गूलरभोज डैम ले गया, फिर बहाने से टांडा जंगल की ओर
सुनसान इलाके में ले जाकर डंडे से सिर पर वार कर की हत्या
शव को जंगल में फेंक कपड़े दूर झाड़ियों में फेंक दिए
हत्या के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए
गिरफ्तार आरोपी और उनकी पहचान
बालम सिंह बिष्ट वार्ड 37, बिठौरिया, थाना मुखानी मुख्य साजिशकर्ता
हरीश सिंह नेगी सालम कॉलोनी, पनियाली, थाना मुखानी साथ में शामिल
उमेश सिंह बोरा बजूनिया हल्दू कठघरिया, थाना मुखानी साथ में शामिल
बालम ने हत्या की सुपारी के रूप में दोनों साथियों को 50-50 हजार रुपये देने की बात कही थी।
पोस्टमार्टम से हुआ खुलासा, बेटे ने की शव की पहचान
11 जून को जंगल में एक किमी भीतर शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। भूगेंद्र की पहचान उनके बेटे ने की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए। हत्या में प्रयुक्त डंडा और कपड़े पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।






