
पुरोला (उत्तरकाशी), जन एक्सप्रेस संवाददाता: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के पुरोला क्षेत्र में तेज बारिश के बीच बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जखोल-फिताड़ी मार्ग पर एक बोलेरो वाहन सुपिन नदी में गिर गया, लेकिन चालक की सूझबूझ और तत्पर रेस्क्यू टीम की मदद से एक बड़ा हादसा टल गया। हादसे का दिल दहला देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें वाहन नदी की लहरों में फंसा नजर आ रहा है और चालक उसकी छत पर जान बचाने के लिए बैठा हुआ है।
हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद चालक राजेंद्र निवासी कासला, तहसील मोरी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उप जिलाधिकारी मुकेश रमोला ने बताया कि बोलेरो वाहन फिताड़ी से जखोल की ओर लौट रहा था, तभी खेड़ा घाटी के पास यह हादसा हुआ। सौभाग्यवश चालक ने हादसे से पहले एक दर्जन से अधिक सवारियों को वाहन से उतार दिया था, जिससे कई जानें बच गईं।
इधर, लगातार हो रही बारिश के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे पर भूस्खलन के चलते यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। यमुनोत्री हाईवे के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और प्रशासन लोगों से पहाड़ी मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील कर रहा है।






