उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़.राज्य खबरें

कानून व्यवस्था पर मंथन : एसपी ने जनप्रतिनिधियों के साथ की बैठक

जन एक्सप्रेस /​प्रतापगढ़: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित संई कॉम्प्लेक्स के सभागार में मासिक समन्वय गोष्ठी का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जनपद के सांसद एवं विधायकगण के प्रतिनिधि शामिल हुए। ​बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने कहा कि जनप्रतिनिधि लोकतंत्र की महत्वपूर्ण कड़ी और जनता की आवाज होते हैं। उनके साथ नियमित संवाद से न केवल पुलिसिंग में पारदर्शिता आती है बल्कि अपराधियों में भय और आम जनमानस में सुरक्षा की भावना और अधिक प्रबल होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन हर नागरिक की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस दौरान एसपी ने जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि उनके माध्यम से आने वाली जनसमस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और तय समय सीमा में निस्तारण किया जाएगा। जिले में हाल के दिनों में सामने आई चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्ययोजना साझा की गई। जनप्रतिनिधियों ने भी अपने अपने क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुझाव दिए। इसके साथ ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा सड़क किनारे हो रहे अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए ठोस कार्रवाई पर चर्चा हुई। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान को धरातल पर और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया गया। ​इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button