महराजगंज में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, सरकारी भूमि को कराया गया कब्जा मुक्त

जनएक्सप्रेस/ महराजगंज: जिले के परतावल विकासखंड के श्यामदेउरवा गांव में अवैध निर्माण कार्य पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया। यह भूमि सरकारी अभिलेखों में सड़क, खंती और राजकीय संपत्ति के नाम से दर्ज थी, जिस पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया था। प्रशासन की सख्ती से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
नोटिस के बावजूद नहीं रुका निर्माण, प्रशासन ने की कार्रवाई
सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों को पहले ही प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद अवैध निर्माण जारी रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया कि सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
हड़कंप में कब्जाधारक, सरकारी भूमि को कराया गया खाली
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जा धारकों में खलबली मच गई। स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और सरकारी भूमि को खाली कराने के प्रयास को देखा। यह कदम सरकारी जमीनों की सुरक्षा और अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन की सक्रियता को दर्शाता है। प्रशासन ने दोबारा ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई का संकेत भी दिया है।