एलडीए जोन-2 में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर

जन एक्सप्रेस/लखनऊ: विकास प्राधिकरण एलडीए ने रविवार को ज़ोन-2 के मोहनलालगंज क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए पद्मजा इन्फ्रा बिल्ट द्वारा की जा रही अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चला दिया। यह कार्रवाई एलडीए के उपाध्यक्ष के स्पष्ट निर्देशों के बाद अमल में लाई गई, जिससे अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया।
एलडीए अधिकारियों की मानें तो करीब तीन बीघा कृषि भूमि पर बिना किसी अनुमति और लेआउट स्वीकृति के प्लॉटिंग की जा रही थी। मौके पर जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध रूप से काटे गए प्लॉट और निर्माण ढहा दिए गए।
एलडीए प्रवक्ता ने बताया कि पद्मजा इन्फ्रा बिल्ट द्वारा किसी भी प्रकार की वैधानिक अनुमति नहीं ली गई थी, और संबंधित क्षेत्र कृषि भूमि घोषित है, जिस पर प्लाटिंग करना पूरी तरह से गैरकानूनी है। यह कार्रवाई यूपी अर्बन प्लानिंग एंड डिवेलपमेंट एक्ट 1973 के अंतर्गत की गई।
LDA की सख्ती जारी
एलडीए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जाएगी। अधिकारी लगातार ऐसे स्थलों की पहचान कर रहे हैं, जहां बिना अनुमति के कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं। आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
जनता से अपील
एलडीए ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्लॉट खरीदने से पहले विकास प्राधिकरण से संबंधित भूमि की वैधता की जांच अवश्य करें। अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से भविष्य में भारी नुकसान हो सकता है।






