नैनी जेल में अतीक अहमद के बेटे की बैरक से बरामद हुई नकदी, डिप्टी जेलर और हेड वार्डर सस्पेंड

जन एक्सप्रेस प्रयागराज, संवाददाता: नैनी सेंट्रल जेल में माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद की बैरक से नकदी मिलने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। जेल डीआईजी राजेश श्रीवास्तव की औचक चेकिंग के दौरान हाई-सिक्योरिटी बैरक से 1100 रुपये नकद बरामद किए गए। यह जेल नियमों का सीधा उल्लंघन है, जिसमें बंदियों को किसी भी रूप में नकदी रखने की सख्त मनाही है।
जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि अली अहमद को यह पैसे एक मुलाकाती ने दिए थे, ताकि वह जेल में जरूरी सामान खरीदने के लिए कूपन ले सके। लेकिन अली ने कूपन नहीं खरीदे और रकम को छिपाकर रख लिया। जेल नियमों के तहत यह एक गंभीर चूक मानी गई है।
इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जेल प्रशासन ने डिप्टी जेलर कांति देवी और हेड वार्डर संजय द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जेल अधीक्षक रंग बहादुर ने बताया कि मामले की उच्च स्तरीय जांच की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तय है।
यह घटना एक बार फिर जेल के अंदर की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। माफिया नेटवर्क के प्रभाव और जेल के भीतर चल रही गतिविधियों पर भी अब सख्त नजर रखने की जरूरत महसूस की जा रही है।






