चारधाम यात्रा: होटल एसोसिएशन ने मंत्री सौरभ बहुगुणा को सौंपा ज्ञापन
जर्जर सड़कों पर जताई नाराजगी और रखीं ये बड़ी मांगें

जन एक्सप्रेस/ उत्तरकाशी: आगामी चारधाम यात्रा को लेकर उत्तरकाशी में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान होटल संगठन उत्तरकाशी ने अपनी लंबित मांगों को लेकर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को ज्ञापन सौंपा। बैठक में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा ने यात्रा व्यवस्थाओं और सड़कों की बदहाली को लेकर कड़ा रुख अपनाया।
पंजीकरण और गैस सिलेंडर पर मांग: संगठन ने मांग की है कि यात्रियों की दैनिक संख्या पर लगी बाध्यता को पूरी तरह हटाया जाए और ऑनलाइन पंजीकरण की खिड़की साल भर खुली रखी जाए, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। इसके साथ ही, होटल व्यवसायियों ने आर्थिक राहत के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडरों की उपलब्धता हेतु एक विशेष पैकेज देने की मांग सरकार के सामने रखी।
BRO के प्रति भारी नाराजगी: गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग की जर्जर हालत पर होटल एसोसिएशन ने गहरी चिंता और नाराजगी व्यक्त की। शैलेंद्र मटूड़ा ने कहा कि बीआरओ (BRO) सड़क सुधारीकरण में विफल रहा है, जिससे यात्रा सीजन में हादसों और जाम का खतरा है। उन्होंने मांग की है कि इस मार्ग को तत्काल बीआरओ के स्थान पर लोक निर्माण विभाग (NH) को हस्तांतरित किया जाए।
पुलिस बैरियर से मुक्ति की अपील: व्यापारियों ने शिकायत की कि मार्ग पर जगह-जगह लगाए गए पुलिस बैरियरों से पर्यटकों को भारी असुविधा होती है और इससे क्षेत्र की छवि खराब होती है। उन्होंने इन अनावश्यक बैरियरों को तत्काल हटाने की मांग की है।






