मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री चौहान ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री की प्रतिमा का किया अनावरण

भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को टीकमगढ़ के सर्किट हाऊस में स्व. माधवराव सिंधिया की प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम में केन्द्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेन्द्र कुमार, प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत तथा अन्य मंत्री व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि श्रीमंत माधवराव सिंधिया जी ने अपना पूरा जीवन भारतमाता के लिए समर्पित किया। वे रेल मंत्री रहे और उन्होंने भारत में शताब्दी एक्सप्रेस आरंभ कर एक नए युग की शुरुआत की। नागरिक उड्डयन मंत्री, पर्यटन मंत्री और मानव संसाधन विकास मंत्री के रूप में भी उन्होंने देश की अभूतपूर्व सेवा की।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हम यह संकल्प लेते हैं कि राजमाता से लोकमाता के रूप में प्रदेशवासियों के मन में वास करने वालीं श्रद्धेय विजयाराजे सिंधिया और बड़े महाराज स्व. माधवराव सिंधिया ने प्रदेश के विकास के लिए जो संकल्प लिए, उन्हें हम अधूरा नहीं रहने देंगे।

इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि सिंधिया परिवार लंबे समय से टीकमगढ़ और बुंदेलखंड से जुड़ा रहा है। जब अफगानों ने बुंदेलखंड पर हमला किया था तब यहां के प्रतापी राजा महाराज छत्रसाल की मदद के लिए मेरे पूर्वज राणोजी राव जी आगे आए थे। उसी प्रकार श्रीमंत माधवराव सिंधिया जी ने बुंदेलखंड के सर्वांगीण विकास के लिए रेल की सुविधा प्रदान की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button