अमेठी में महिला आयोग की सदस्य प्रियंका मौर्या ने की धान की रोपाई
एसडीएम प्रीति तिवारी और नायब तहसीलदार अनुश्री त्रिपाठी भी रहीं साथ

जन एक्सप्रेस/अमेठी: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या आज अमेठी दौरे के दूसरे दिन कलेक्ट्रेट के पास स्थित एक खेत में पहुंचीं, जहां उन्होंने परंपरागत तरीके से धान की रोपाई की। इस दौरान उनके साथ एसडीएम गौरीगंज प्रीति तिवारी और नायब तहसीलदार अनुश्री त्रिपाठी भी मौजूद रहीं और खेत में उतरकर श्रमिकों के साथ श्रम साझा किया।प्रियंका मौर्या ने ग्रामीण महिलाओं के साथ संवाद करते हुए खेती-किसानी से जुड़े अनुभव साझा किए और उनकी समस्याएं भी जानीं। उन्होंने कहा कि महिला किसान देश की रीढ़ हैं और उन्हें हर स्तर पर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
धान रोपाई के इस प्रतीकात्मक कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की मेहनत और योगदान को सम्मान देना था। इस अवसर पर स्थानीय अधिकारियों, किसानों और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। खेत में धान की बिचारों को रोपते हुए यह दृश्य महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास का एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गया।
डॉ. मौर्या ने प्रशासन को निर्देश दिए कि महिला किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए और उनका लाभ प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाए।