उत्तर प्रदेशकौशांबीराज्य खबरें

कौशांबी में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ

शिक्षकों को मिले कैशलेस हेल्थ कार्ड

जन एक्सप्रेस/ कौशांबी: जनपद में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ उदयन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश गौसेवा आयोग के सदस्य राजेश सिंह सेंगर, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर और चायल विधायक पूजा पाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर शिक्षकों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस हेल्थ कार्ड वितरित किए गए।

शिक्षकों को वितरित किए गए हेल्थ कार्ड

कार्यक्रम के दौरान शिक्षक अनिल कुमार सिंह, राम बाबू दिवाकर, विनय कुमार सिंह, ओमदत्त त्रिपाठी, विपिन कुमार, विभा सिंह, नीरज शुक्ला, सोनी केशरवानी, अनंत कुमार सिंह, आशीष शुक्ला, राजेश सिंह, मोहम्मद अयूब सिद्दीकी तथा धर्मेश कुमार मिश्रा को कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए गए।

शिक्षकों की भूमिका पर दिया गया जोर

मुख्य अतिथि राजेश सिंह सेंगर ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रभावना से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

सरकार शिक्षकों के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील

जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों और उनके आश्रितों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

वहीं, चायल विधायक पूजा पाल ने योजना के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और शिक्षकों के हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाने के साथ अब शिक्षकों और उनके परिवारों के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में यह महत्वपूर्ण योजना लागू की है।

1.19 लाख से अधिक विद्यार्थियों के अभिभावकों को मिला लाभ

कार्यक्रम के दौरान वाराणसी में आयोजित मुख्यमंत्री के मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 1 करोड़ 10 लाख विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, बैग एवं अन्य आवश्यक सामग्री के लिए ₹1200-₹1200 की धनराशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की।

कौशांबी जनपद में भी 1,19,641 विद्यार्थियों के अभिभावकों को इस योजना का लाभ मिला।

अधिकारी और शिक्षक रहे मौजूद

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक एल.बी. मौर्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button