विधायक व अधिकारियों ने उठाया झाड़ू, दिया जनजागरूकता का संदेश

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: महराजगंज “स्वच्छता ही सेवा है” अभियान 2025 के अंतर्गत आज “एक दिन, एक घंटा, एक साथ महाअभियान” का आयोजन किया गया। प्रातः 8 बजे से 9 बजे तक जिला संयुक्त चिकित्सालय परिसर में सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया के नेतृत्व में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जनप्रतिनिधियों व वरिष्ठ अधिकारियों ने झाड़ू लगाकर सफाई अभियान में सहभागिता की।
जिलाधिकारी के निर्देश पर पंचायतीराज विभाग और नगर पालिका परिषद महराजगंज के सफाई कर्मियों ने अस्पताल परिसर में व्यापक स्तर पर सफाई की। अभियान के तहत ग्राम पंचायतों व नगर निकायों में 5000 से अधिक सीटीयू को चिन्हित कर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
इस अवसर पर सदर भाजपा विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पालिका या सफाईकर्मियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक और जनप्रतिनिधि का कर्तव्य है। उन्होंने कहा, जिस तरह हम अपने घर-आंगन को संवारते हैं, उसी तरह जनपद को भी चमकाना सबकी जिम्मेदारी है। जब हम खुद झाड़ू उठाएंगे तो जनता को भी संदेश मिलेगा कि स्वच्छता सबकी साझी जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अपील की कि सभी जनपदवासी “स्वच्छोत्सव” में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने आसपास की जगहों को स्वच्छ रखने में योगदान दें, ताकि मिलकर स्वच्छ और स्वस्थ महराजगंज का निर्माण किया जा सके।
गौरतलब है कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक जिलेभर में स्वच्छता अभियान विशेष रूप से संचालित किया जा रहा है। इस क्रम में आज वरिष्ठ अधिकारियों ने जिला अस्पताल परिसर में श्रमदान कर अभियान की गति तेज की।






