रुद्रप्रयाग जिला सूचना कार्यालय में स्वच्छता अभियान और पौधरोपण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ का दिया संदेश

जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :- उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला पखवाड़ा के अंतर्गत जिला सूचना कार्यालय रुद्रप्रयाग में सोमवार को वृहद स्वच्छता एवं पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया। जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों तथा वरिष्ठ मीडिया प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान से हुई। प्रतिभागियों ने परिसर की सफाई कर कूड़ा-कचरा एकत्रित किया और उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित किया। साथ ही आमजन से स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाने की अपील की गई।
इसके बाद “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत कार्यालय परिसर में फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने हरेला पखवाड़ा को जन-जन को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने वाला प्रभावी अभियान बताते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार अनसूया प्रसाद मलासी, हरेंद्र नेगी, राजेश सेमवाल, रोहित डिमरी, दीपक बिष्ट और हिमांशु सेमवाल सहित जिला सूचना कार्यालय के सहायक लेखाकार नितिश फरासी, कनिष्ठ सहायक अरुण भरतरी, डाटा एंट्री ऑपरेटर राकेश नौटियाल, सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव विनय भट्ट, नरेंद्र पंवार, दीपक गोस्वामी, आनंद सिंह बिष्ट और भुवनेश सिंह नेगी उपस्थित रहे।
हरेला पखवाड़ा के तहत आयोजित इस अभियान ने स्वच्छता, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।






