
जन एक्सप्रेस देहरादून(उत्तराखण्ड) : केदारनाथ में हाल ही में हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेली सेवाओं के संचालन को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में हेलीकॉप्टर संचालन अब और अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और मानकों के अनुरूप किया जाएगा। इसके लिए राज्य में सख्त एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) तैयार की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देशित किया है कि एक तकनीकी विशेषज्ञ समिति का गठन किया जाए, जो हेली सेवाओं के तकनीकी व सुरक्षा पहलुओं की गहन समीक्षा करेगी। यह समिति यह सुनिश्चित करेगी कि प्रत्येक हेलीकॉप्टर की उड़ान से पूर्व उसकी तकनीकी जांच और मौसम की सटीक जानकारी लेना अनिवार्य किया जाए।
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री धामी ने पूर्व में हुई सभी हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं की जांच के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति को निर्देश दिए हैं कि वह आज की दुर्घटना सहित सभी घटनाओं की गहराई से जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करे। इस रिपोर्ट में दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान के साथ-साथ दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






