utrakhandउत्तरकाशी

विकासनगर में कांग्रेस का उपवास, अयोध्या राम मंदिर और बद्रीनाथ मंदिर के कथित दान चोरी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग

जन एक्सप्रेस /विकासनगर :- विकासनगर कांग्रेस कमेटी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को अयोध्या राम मंदिर तथा बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ाए गए दान-चढ़ावे की कथित चोरी के विरोध में बाबूगढ़ राम मंदिर परिसर में उपवास कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई और इसे जनभावनाओं से जुड़ा विषय बताया।

पूर्व कैबिनेट मंत्री नव प्रभात ने कहा कि मंदिरों में चढ़ाए गए दान और बहुमूल्य चढ़ावे से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या राम मंदिर और उत्तराखंड के प्रमुख मंदिरों से जुड़े कथित मामलों की उच्च स्तरीय जांच कराई जानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर ने कहा कि इस पूरे प्रकरण की सीबीआई से जांच कराई जानी चाहिए। वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि यदि इतने व्यापक सुरक्षा प्रबंधों के बावजूद ऐसी घटनाओं के आरोप सामने आ रहे हैं तो उनकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच आवश्यक है। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे।

इस अवसर पर पीसीसी सदस्य संजय जैन, ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, पूर्व मंडी अध्यक्ष विपुल जैन, हरबर्टपुर अध्यक्ष आशीष पुंडीर, डाकपत्थर अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, जिला महामंत्री राजीव शर्मा, फुरकान अहमद, जिला पंचायत सदस्य पिंकी रोहिल्ला, नीरज रोहिल्ला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकास शर्मा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button