हरदोई में मनरेगा भुगतान को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, 75 दिन से मजदूरी लंबित

जन एक्सप्रेस/हरदोई: मनरेगा मजदूरों एवं संबंधित कर्मचारियों के लंबित भुगतान को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी हरदोई के नेतृत्व में विकास भवन परिसर में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र भुगतान की मांग की गई।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के चलते मनरेगा के तहत कार्य करने वाले मजदूरों को समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है, जिससे वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। बताया गया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में मजदूर परिवारों को करीब 75 दिनों से मजदूरी नहीं मिली है, जिससे उनके सामने रोजमर्रा के खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में मनरेगा के तहत हजारों करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है। इसके साथ ही ग्राम रोजगार सेवकों सहित संविदा कर्मियों को कई महीनों से मानदेय नहीं मिलने की समस्या भी उठाई गई।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विक्रम पांडे ने कहा कि मनरेगा मजदूरों को समय पर भुगतान न मिलना बेहद चिंताजनक है और यह सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मजदूरों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि सरकार को तत्काल संज्ञान लेते हुए मजदूरों की लंबित मजदूरी और कर्मचारियों के मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि मनरेगा मजदूरों और कर्मचारियों के बकाया भुगतान को जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए।






