
जन एक्सप्रेस /पुरोला :- नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर बेरोजगार युवाओं के प्रदर्शन के दौरान कथित लाठीचार्ज और बल प्रयोग के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी पुरोला यमुना घाटी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुरोला तिराहे पर केंद्र सरकार का पुतला दहन किया और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी के माध्यम से भेजा।
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष धिरेन्द्र नेगी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बाजार में जुलूस निकाला। इसके बाद तहसील परिसर पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि 21 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर हजारों बेरोजगार छात्र-छात्राएं नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और भर्ती घोटालों के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और बल प्रयोग किया, जिसमें कई युवा और महिला प्रदर्शनकारी घायल हुए। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताया।
कांग्रेस ने राष्ट्रपति से मांग की कि जंतर-मंतर की घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही लाठीचार्ज और बल प्रयोग के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, कथित परीक्षा-पत्र लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा दी जाए तथा भविष्य में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष धिरेन्द्र नेगी, कविन्द्र असवाल, जगबीर रावत, जयेन्द्र रावत, राजुली बत्रा, हरिकृष्ण, नरेश चौहान, संदीप रावत, प्रशांत नेगी, गोपाल कैंतुरा, ज्ञानेद्रमोहन जुवाँठा, गजेंद्र नेगी सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।






