
जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :- चिन्यालीसौड़ नगर पालिका परिषद के वार्ड संख्या-7 बड़ेथी में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या एक बार फिर चर्चा में है। वार्ड सभासद मनवीर लाल ने उत्तराखंड जल संस्थान के अधिकारियों पर पेयजल संकट का समाधान न करने, शिकायतों की अनदेखी करने और निरीक्षण के दौरान अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं।
सभासद मनवीर लाल के अनुसार, उन्होंने 2 जुलाई को जिलाधिकारी उत्तरकाशी को शिकायत भेजकर क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति, जल स्रोत और पेयजल टैंकों की जांच कराने की मांग की थी। उनका कहना है कि निरीक्षण के दौरान जल स्रोत पर पर्याप्त पानी उपलब्ध पाया गया, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निरीक्षण के दौरान संबंधित कनिष्ठ अभियंता (जेई) ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
इसके बाद 14 जुलाई को उत्तराखंड जल संस्थान के प्रबंध निदेशक को भी शिकायत भेजी गई। वहीं 17 जुलाई को अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी एवं अल्पसंख्यक संरक्षण मंच (पंजीकृत) के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन लाल ने भी प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष जांच, पेयजल समस्या के स्थायी समाधान और संबंधित अधिकारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
पत्र में चेतावनी दी गई है कि यदि एक माह के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में धरना, भूख हड़ताल और चक्का जाम जैसे आंदोलन किए जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।
जल संस्थान का पक्ष
इस संबंध में उत्तराखंड जल संस्थान के कनिष्ठ अभियंता अमित भट्ट से दूरभाष पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि इस विषय पर कार्यालय पहुंचने के बाद ही जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
फिलहाल, जल संस्थान की ओर से इस मामले में कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले में सभी पक्षों का पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।






