MPअन्य खबरेई-पेपरधर्म

भोजशाला विवाद में नया घटनाक्रम, खसरा नंबर 612 की जमीन पर 100 से अधिक लोगों ने पढ़ी जुमे की नमाज

जन एक्सप्रेस /धार :- ऐतिहासिक भोजशाला को लेकर चल रहे विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद शुक्रवार को नया घटनाक्रम सामने आया। प्रशासन और मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों के बीच गुरुवार देर रात हुई चर्चा के बाद भोजशाला परिसर की पिछली बाउंड्रीवॉल से सटी खसरा नंबर 612 की जमीन पर जुमे की नमाज अदा करने पर सहमति बनी।

सहमति के बाद प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। पुलिस बल की तैनाती के साथ निर्धारित स्थल के आसपास बैरिकेडिंग भी कराई गई, ताकि नमाज के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे।

शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ से दो बजे के बीच मुस्लिम समाज के लोग निर्धारित स्थल पर पहुंचने लगे। बारिश के कारण जमीन गीली होने पर प्रशासन की ओर से वहां तिरपाल बिछाई गई, ताकि नमाजियों को असुविधा न हो।

शुरुआत में करीब 10 से 15 लोग जुमे की नमाज के लिए पहुंचे। इसके बाद धीरे-धीरे नमाजियों की संख्या बढ़ती गई और यह आंकड़ा 100 से अधिक हो गया। इस दौरान मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

कमाल मौलाना वेलफेयर सोसाइटी के सदर अब्दुल समद और याचिकाकर्ता भी निर्धारित स्थल पर पहुंचे और उन्होंने जुमे की नमाज अदा की।

भोजशाला को लेकर लंबे समय से जारी विवाद के बीच प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। शुक्रवार की नमाज निर्धारित स्थल पर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराए जाने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button