उत्तर प्रदेशजौनपुर

राजमिस्त्री का फांसी पर लटकता मिला शव

जन एक्सप्रेस/जौनपुर : पिलकिछा बाजार के तिराहे पर निर्माणाधीन मकान के छत पर लगी बीम की सरिया से नायलान की रस्सी के सहारे संदिग्ध हाल में राजमिस्त्री का शव लटकता पाये जाने से सनसनी फ़ैल गई। घटना गुरुवार के दोपहर की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतार आवश्यक कार्रवाई के बाद पीएम हेतु भेज दिया।
पिलकिछा गांव निवासी 45 वर्षीय संजय बिंद राजगीर का काम करता था। वह बाजार के तिराहे पर चंद्र शेखर मोदनवाल का मकान बना रहा था। मकान के तीसरे तले पर काम चल रहा था। राजमिस्त्री संजय गुरुवार की सुबह आकर कुछ देर काम करने के बाद कहीं चला गया। वहां से लगभग घंटे भर बाद वापस लौट कर आया। कुछ देर बाद लोगों ने मकान के तीसरे तले में लगी बीम की सरिया से रस्सी के फंदे पर लटकते हुए युवक को देखा तो शोर मचाने लगे। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आस पास के लोगों के सहयोग से फंदा काटकर शव नीचे उतारा। राजमिस्त्री का घर इसी गांव में होने के चलते मौके पर उसके स्वजन भी पहुंच गए। उनके रोने बिलखने से माहौल गमगीन हो गया।

मृतक के स्वजनों ने बताया कि घर से रोज की तरह सुबह नाश्ता पानी के बाद काम पर गए थे। उधर गृहस्वामी का कहना था कि वह कुछ देर काम करने के बाद वहां से कहीं चला गया था। वापस आने के बाद फंदे पर झूल गया। गांव के लोगों ने बताया कि वह शराब का आदी था। घटना को लेकर लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक मुन्ना राम घुरिया ने कहा कि मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ बताया जा सकता है। घटनास्थल पर पहुंची मृतक की पत्नी सीमा,पिता कोलाहल बिंद, पुत्र बिबेक और पुत्री शिल्पा के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button