चाइनीज मांझे से मौत अब ‘हादसा नहीं, हत्या’ : CM योगी का सख्त ऐलान

जन एक्सप्रेस/लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे से हो रही लगातार दुर्घटनाओं और मौतों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा है कि चाइनीज मांझे से होने वाली मौत को अब हादसा नहीं, बल्कि हत्या माना जाएगा। CM योगी ने निर्देश दिए हैं कि ऐसे सभी मामलों को गंभीर आपराधिक श्रेणी में दर्ज किया जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रतिबंध के बावजूद बिक्री पर सवाल
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से तीखे सवाल करते हुए कहा कि “जब चाइनीज मांझा प्रदेश में प्रतिबंधित है, तो यह बाजारों में उपलब्ध कैसे हो रहा है?” उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि चाइनीज मांझे की बिक्री, भंडारण और आपूर्ति पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जाए।
पुलिस को छापेमारी के निर्देश
CM योगी ने पुलिस को विशेष छापेमारी अभियान चलाने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के सख्त कार्रवाई की जाए और ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए।
जन सुरक्षा सर्वोपरि
मुख्यमंत्री ने कहा कि चाइनीज मांझा सिर्फ एक अवैध वस्तु नहीं, बल्कि सीधा जानलेवा हथियार बन चुका है। सड़क पर चलने वाले राहगीर, बाइक सवार और बच्चे इसकी चपेट में आकर जान गंवा रहे हैं, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।CM योगी के इस सख्त संदेश के बाद अब साफ हो गया है कि चाइनीज मांझे से जुड़ा कोई भी मामला हल्के में नहीं लिया जाएगा और दोषियों को हत्या के आरोप में जेल भेजा जाएगा।






