दर्शन के बहाने खींच ले गई मौत

जन एक्सप्रेस/जौनपुर : वाराणसी जिले के हरहुआ बाजार में शुक्रवार को ट्रक की चपेट में आकर मृत दंपति को दर्शन बहाने मौत खींच ले गई। पति और सात माह की गर्भवती पत्नी की एक साथ मौत हो जाने की खबर लगते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। रोते बिलखते स्वजन घर से वाराणसी के लिए निकल लिए है। मोजीपुर गांव निवासी रवींद्र यादव उर्फ कल्लू पुत्र पब्बर यादव अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। वह कानपुर शहर में रहकर एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में प्राइवेट नौकरी करते थे। गुरुवार को वह वापस घर आये थे। उनके चचेरे भाई की पुत्री बीमार चल रही है। जो जिले के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती हैं। उसका हाल-चाल लेने शुक्रवार की सुबह अपनी सात माह की गर्भवती पत्नी रानी यादव के साथ शहर आये थे। वहां से दोनों ने वाराणसी दर्शन करने चले गए। बाइक से वापस लौट रहे दंपति हरहुआ बाजार में एक ट्रक की चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। मौत की मनहूस खबर पता चलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया।






