अपराधउत्तर प्रदेशराज्य खबरेंलखनऊ

लखनऊ के होटल में खौफनाक कांड: पिता-पुत्र ने परिवार के 5 सदस्यों की जान ली

जन एक्सप्रेस/ लखनऊ: शहर के चारबाग इलाके के एक होटल में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की हत्या कर दी गई। मामले में बेटे ने पिता के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बेटे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पिता फरार है।

पारिवारिक विवाद बना मौत की वजह
पुलिस के मुताबिक, यह मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा हो सकता है। आरोपी बेटे अरशद (24) ने बताया कि उसके पिता बदरूद्दीन ने इस वारदात को प्लान किया था। 31 दिसंबर की रात मां आसमां, चार बहनें- आलिया (9), अक्सा (16), अल्शिया (19), और रहमीन (18) की हत्या कर दी गई। पुलिस ने अरशद से पूछताछ की, जिसमें उसने पिता के शामिल होने की बात स्वीकार की। 30 दिसंबर को परिवार आगरा से लखनऊ पहुंचा था और नाका इलाके के होटल शरनजीत के कमरा नंबर 109 में रुका। पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद अरशद खुद होटल मैनेजमेंट को सूचना देने पहुंचा। जब पुलिस कमरे में पहुंची, तो अरशद शवों के पास बैठा हुआ था।

चोट के निशान और पोस्टमॉर्टम की जांच
पुलिस ने बताया कि मृतकों के गले और कलाई पर चोट के निशान थे। शुरुआती जांच में आशंका है कि गला दबाने और कलाई काटने से हत्या की गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण की पुष्टि होगी। फॉरेंसिक टीम ने कमरे को सील कर सबूत जुटाए हैं। बेड की चादर और अन्य सामान को जांच के लिए भेजा गया है। होटल के अन्य कमरों में रुके मेहमानों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही, होटल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना से पहले की गतिविधियों का पता चल सके।

रात में जागा हुआ था परिवार, सुबह मिली सूचना
होटल स्टाफ और एसोसिएशन के मुताबिक, 31 दिसंबर की रात परिवार देर तक जागा हुआ था। सुबह करीब 8 बजे घटना की सूचना मिली। होटल में आईडी रजिस्टर के अनुसार, पूरा परिवार आगरा के इस्लाम नगर, टेढ़ी बगिया, कुबेरपुर का रहने वाला था। घटना के बाद होटल के पास लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस के मुताबिक, बदरूद्दीन फरार है और आत्महत्या करने की बात कही जा रही है। पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुटी है।

पुलिस की जांच जारी
अब तक मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आगरा में परिवार के घर की भी जांच कर रही है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस जल्द ही इस वारदात के पीछे की असली वजह का खुलासा करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button