उत्तर प्रदेशचित्रकूट

मानिकपुर तहसील में आदिवासी छात्रावास की मांग, डीएम ने दिया शासन को प्रस्ताव भेजने का आश्वासन

संपूर्ण समाधान दिवस के बाद डीएम ने किया वनवासी कल्याण केंद्र का निरीक्षण, व्यवस्थाओं की सराहना

जन एक्सप्रेस चित्रकूट: मानिकपुर तहसील क्षेत्र में आदिवासी छात्रों के लिए छात्रावास बनाए जाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। मानिकपुर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी चित्रकूट ने वनवासी कल्याण केंद्र का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संस्थान में बच्चों के सर्वांगीण विकास को देखकर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जिस प्रकार वनवासी कल्याण केंद्र बच्चों को आत्मनिर्भर और सशक्त बना रहा है, उसी दिशा में समाज को भी अपने बच्चों के भविष्य के लिए प्रयास करना चाहिए।इस अवसर पर भाजपा नेता आशीष कुमार ने जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर मानिकपुर तहसील केंद्र में समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत एक आदिवासी छात्रावास बनाए जाने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि मानिकपुर क्षेत्र आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है, जहां के छात्र इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई तो किसी तरह पूरी कर लेते हैं, लेकिन उच्च शिक्षा के लिए रहने, खाने-पीने और शैक्षिक खर्चों का भार वहन नहीं कर पाते। आर्थिक तंगी के कारण सैकड़ों छात्र इंटरमीडिएट के बाद अपनी पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं।आशीष कुमार ने कहा कि यदि मानिकपुर में छात्रावास की सुविधा उपलब्ध हो जाए तो क्षेत्र के सैकड़ों आदिवासी छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में आसानी होगी और वे अपने सपनों को साकार कर सकेंगे।मांग को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को आश्वस्त किया कि इस विषय में शासन को पत्र भेजकर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र के छात्रों को शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button