उत्तराखंडनई टिहरी

फार्मर रजिस्ट्री अभियान में तेजी लाकर अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करें: जिलाधिकारी

जन एक्सप्रेस/नई टिहरी: जनपद टिहरी गढ़वाल में किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे फार्मर रजिस्ट्री अभियान की प्रगति की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को पंजीकरण प्रक्रिया में तेजी लाने तथा अधिक से अधिक किसानों को अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि और किसान कल्याण योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सकेगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए प्रत्येक पात्र किसान का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि किसानों को अपने गांव या नजदीकी स्थान पर ही फार्मर रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) को पूरी तरह सक्रिय रखते हुए पंजीकरण कार्य में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे किसान स्वयं आगे आकर अपना पंजीकरण करा सकें।

जिलाधिकारी ने सभी ग्राम प्रधानों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व, प्रक्रिया और इसके लाभों की विस्तृत जानकारी दी जाए, ताकि वे अपने-अपने गांवों में किसानों को जागरूक कर सकें। ग्राम पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

समीक्षा बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी, सहायक निबंधक सहकारिता, मुख्य कृषि अधिकारी, मत्स्य विभाग, रेशम विभाग, लीड बैंक मैनेजर तथा सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसानों तक अधिकतम जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कृषि विभाग सहित सभी संबंधित विभाग किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, अनुदान कार्यक्रमों, कृषि तकनीकों और किसान हित से जुड़ी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएं। साथ ही किसानों को यह भी बताया जाए कि फार्मर रजिस्ट्री कराने से उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी और पात्रता का सत्यापन भी सरल होगा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा नियमित रूप से प्रगति की निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों का सटीक डाटा तैयार होगा, जिससे भविष्य में योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से किसानों तक पहुंचाया जा सकेगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभागों के सहयोग और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से जनपद में फार्मर रजिस्ट्री अभियान को सफल बनाया जाएगा और अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिलेगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र किसान पंजीकरण से वंचित न रहे और उसे सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ प्राप्त हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button