उत्तर प्रदेशकौशांबी

कौशांबी में ग्राम म्योहर में डीएम डॉ. अमित पाल की चौपाल, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

जन एक्सप्रेस /कौशांबी: -जिले में “गांव की समस्या, गांव में समाधान” अभियान के तहत जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने विकास खंड कौशांबी के ग्राम म्योहर में ग्राम चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने पुष्टाहार वितरण, पेंशन, शौचालय, राशन, कन्या सुमंगला योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जो पात्र लोग अभी तक किसी योजना का लाभ नहीं ले सके हैं, उन्हें चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाए।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान डीएम ने ग्रामीणों से सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने एएनएम से हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) वाली महिलाओं की जानकारी लेकर उनकी विशेष निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभारी चिकित्साधिकारी को आवश्यक दवाओं और एंटी स्नेक वेनम का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के लिए कहा।

आंगनबाड़ी सेवाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने गंभीर कुपोषित (सैम) बच्चों की स्थिति की जानकारी ली और ऐसे बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कर बेहतर उपचार एवं पोषण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नए आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण के लिए भूमि चिन्हित करने का भी निर्देश दिया।

चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार वितरित किया तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। ग्रामीणों ने गांव के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या उठाई, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायतराज अधिकारी को शीघ्र जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button