विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का निरीक्षण, डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने बूथों पर परखी व्यवस्थाएं

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत विशेष तिथि पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने विधानसभा क्षेत्र 366 जौनपुर अंतर्गत तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज एवं मुक्तेश्वर प्रसाद इंटर कॉलेज में स्थापित मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित एईआरओ भी उपस्थित रहे।
बूथों पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने बूथ संख्या 493, 403 एवं 497 सहित अन्य बूथों पर चल रही कार्यवाही का अवलोकन किया। उन्होंने बीएलओ से लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी, हियरिंग प्रतिशत, अनमैप्ड डाटा एवं फॉर्म-6 की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
दावे एवं आपत्तियों की हो रही सुनवाई
डीएम ने बताया कि निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में दावे और आपत्तियों की सुनवाई की जा रही है। नए मतदाताओं के पंजीकरण हेतु फॉर्म-6 प्राप्त किए जा रहे हैं। लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी एवं साक्ष्य मिलान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया गया।
युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर जोर
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि युवाओं एवं महिला मतदाताओं को अधिकाधिक पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है और अभियान अवधि में शत-प्रतिशत दावों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।







