हिमाचल

हिमाचल प्रदेश बना पूर्ण साक्षर राज्य, साक्षरता दर 99.30% पहुंची

जन एक्सप्रेस/हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश ने शिक्षा के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के मौके पर शिमला के पीटर हॉफ में आयोजित “पूर्ण साक्षर हिमाचल समारोह और उल्लास मेला 2025” में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया। उन्होंने कहा कि 1971 में पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने के बाद से शिक्षा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव हुए हैं, जिनकी बदौलत आज हिमाचल देश का सबसे अधिक साक्षर राज्य बना है।

प्रदेश की साक्षरता दर अब 99.30% पर पहुंच गई है, जो राष्ट्रीय औसत 80.9% से काफी आगे है। 95% से अधिक साक्षरता दर होने पर किसी भी राज्य को पूर्ण साक्षर राज्य माना जाता है। इस उपलब्धि के साथ हिमाचल ने मिजोरम, त्रिपुरा और लक्षद्वीप को भी पीछे छोड़ दिया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शेष 56,960 निरक्षरों को साक्षर बनाने के लिए नई योजना की घोषणा की और भविष्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने बताया कि प्रदेश में डे-बोर्डिंग स्कूल, पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम और अन्य सुधारात्मक कदमों के जरिए शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।

इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा सचिव संजय कुमार का ऑनलाइन संदेश भी प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 सितंबर को आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे और धर्मशाला में आयोजित बैठक में आपदा राहत पैकेज के लिए विस्तृत प्रस्तुति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश को प्रधानमंत्री से विशेष मदद की उम्मीद है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button