
जन एक्सप्रेस/शिमला: शिमला में कांग्रेस विधायक दल की एक अहम बैठक हुई, जिसमें आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के केंद्र में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ आंदोलन और पार्टी संगठन का विस्तार रहा।
बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने की, जबकि हिमाचल कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। इससे पहले, कांग्रेस ने होटल पीटर हॉफ में विधायकों के साथ विचार-विमर्श किया और फिर राजीव भवन से आंदोलन की शुरुआत करने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री सुक्खू ने स्पष्ट किया कि शिमला रैली के बाद इस अभियान को ब्लॉक स्तर तक ले जाया जाएगा। इसके साथ ही, हर ब्लॉक में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा ताकि जनता तक सच्चाई पहुंचाई जा सके।
कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि “वोट चोर, गद्दी छोड़” कार्यक्रम को गांव-गांव और ब्लॉक स्तर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि पिछले छह महीनों से भंग पड़े कांग्रेस संगठन का जल्द विस्तार किया जाएगा। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि बीजेपी अब तक राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को क्यों नहीं बदल पाई। कुल मिलाकर, बैठक में यह तय किया गया कि कांग्रेस का यह आंदोलन सिर्फ शिमला तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि पूरे प्रदेश में जमीनी स्तर पर चलाया जाएगा।






