भाजपा नेताओं तथा नगर कोतवाल में टकराव, कोतवाली परिसर में धरने पर बैठे कार्यकर्ता
नगर कोतवाल को हटाने की कर रहे मांग
जन एक्सप्रेस/संवाददाता
बहराइच। मौनी बाबा आश्रम में उठा विवाद उस समय गम्भीर मोड़ पर पहुंच गया जब भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता नगर कोतवाल के सम्मुख मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम लीला कमेटी के अध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल का पक्ष रखनेे नगर कोतवाली पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि नगर कोतवाल ब्रम्हा गौड़ ने श्री टेकड़ीवाल के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं से अभद्रता की। इस घटना के बाद भाजपा नेताओं ने कोतवाली नगर परिसर में धरना देकर पुलिस अधीक्षक से नगर कोतवाल को हटाये जाने की मांग की है।
भाजपा नेता प्रशान्त मिश्रा ने बताया कि मौनी बाबा आश्रम के एक पुजारी बिना समिति के पदाधिकारियों को सूचना दिये अचानक गायब हो गये। बाद में वह फिर आये और मंदिर में रहने का प्रयास किया, जिन्हे रहने की अनुमति नहीं दी गई। इस पर उन्होंने अध्यक्ष से खुद की जान को खतरा बताते हुए नगर कोतवाली में तहरीर दी।
इसी मामले को लेकर भाजपा कार्यकर्ता शुक्रवार की देर शाम कोतवाली पहुंचे। आरोप है कि वहीं नगर कोतवाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं से अमर्यादित व्यवहार किया। प्रकरण पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में है। भाजपा नेताओं का कहना है कि दुर्गा पूजा तथा रामलीला का आयोजन होने वाला है। ऐसे में नगर कोतवाल का अपने पद पर बने रहना कानून व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।