
जन एक्सप्रेस संवाददाता, हल्द्वानी। हल्द्वानी में एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह खुद को IPS अधिकारी की मां बताते हुए कार सवार युवकों को गाली-गलौज और धमकी देती नजर आ रही है।
घटना ने ना सिर्फ हल्द्वानी बल्कि पूरे उत्तराखंड में सियासी और सामाजिक हलचल पैदा कर दी है।
मामला कुछ दिन पुराना बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, कुछ युवक परीक्षा देने हल्द्वानी पहाड़ी क्षेत्र से कार से आए थे। रास्ते में एक स्कूटी सवार महिला से उनकी कार की मामूली टक्कर हो गई।
कार मालिक युवकों ने जब नुकसान की भरपाई की बात की, तो महिला बुरी तरह भड़क गईं और खुलेआम कहने लगीं:
मैं IPS की मां हूं… एक-एक को बंद करा दूंगी!” इतना ही नहीं, महिला ने भद्दी गालियां और बद्दुआएं भी दीं, जिसकी रिकॉर्डिंग युवकों ने कर ली और वह वीडियो अब वायरल हो चुका है।
सोशल मीडिया पर बंटे लोग – मज़ाक या गंभीर मामला?
वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की मिश्रित प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
कुछ लोग इसे “उत्तराखंडी रसूख का मज़ेदार उदाहरण” बता रहे हैं, जबकि कुछ ने इसे सिस्टम के डर और दबाव का प्रतीक करार दिया है।
कई यूज़र्स ने कहा कि अगर ये महिला सच में किसी अधिकारी की मां हैं, तो ये मामला सत्ता के दुरुपयोग का प्रतीक है, और इसकी जांच होनी चाहिए।”
अब सवाल – क्या ये महिला वाकई IPS अधिकारी की मां है?
फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि वीडियो में दिख रही महिला वाकई किसी सेवारत IPS अधिकारी की मां हैं या नहीं। जन एक्सप्रेस समाचार समूह इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता, लेकिन यह घटना एक बार फिर सामाजिक व्यवहार, रसूख के दुरुपयोग और कानून के प्रति सोच पर सवाल जरूर खड़े करती है।






