देश

रांची का एक्सपो रचनात्मकता और उद्यमिता का उत्सव: राज्यपाल

रांची । राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि जेसीआई रांची का एक्सपो उत्सव केवल एक प्रदर्शनी नहीं है, बल्कि रचनात्मकता और उद्यमिता का उत्सव भी है। उन्होंने कहा कि पूरा विश्व एक तरह से ग्लोबल विलेज बन गया है। वैश्वीकरण के इस दौर में विकास के लिए प्रतिस्पर्धा में शामिल होना होगा। नित्य विकसित हो रही नई तकनीक, नए उत्पाद एवं नवोन्मेषी विचार को अपनाना होगा।

राज्यपाल गुरुवार को रांची के मोरहाबादी में आयोजित ‘एक्स्पो उत्सव-2023’ को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति भी विकास के दौर में शामिल हो सकें, इसके लिए जेसीआई रांची को गावों तक जाना चाहिए और जनजातीय समुदाय को भी भागीदार बनाना चाहिए। देश तभी विकसित होगा जब समाज का प्रत्येक वर्ग विकसित होगा। इसके लिए हमें प्रयास करना होगा। बाधाएं भी आ सकती हैं लेकिन बाधाओं को पार कर विकास के लिए नया आयाम स्थापित करने वालों की ही विशिष्ट पहचान होती है।

राज्यपाल ने कहा कि औद्योगिक विकास से रोजगार का सृजन होता है और लोगों को रोजगार मिलता है। झारखंड एक खनिज प्रधान राज्य है और यहां उद्योगों के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। नई सोच, नई अवधारणाएं, नई परिकल्पनाएं और नए प्रयोगों के साथ राज्य एवं देश को आगे बढ़ाने का कार्य युवाओं के कंधे पर हैं। आगे बढ़ने के लिए संघर्ष भी करना पड़े तो आत्मविश्वास के साथ संघर्ष करें। सफलता अवश्य मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button