उत्तर प्रदेशमहोबाराज्य खबरें

महोबा में मिले दर्जनों मरे गौवंश, कंकाल मिलने से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

जन एक्सप्रेस/महोबा: अजनर थाना क्षेत्र के इन्द्रहटा गांव के समीप बड़ी संख्या में मरे हुए गौवंश और उनके कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद सहित कई हिंदू संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर कड़ा विरोध जताया।

बजरंग दल के जिला संयोजक बिपिन भदौरिया, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष मनोज शिवहरे, विभाग सहमंत्री मनोज तिवारी व संगठन मंत्री विकास सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर अलग-अलग स्थानों पर लगभग तीन दर्जन गौवंश के शव व कंकाल पड़े मिले। संगठनों ने आशंका जताई कि ये गौवंश इन्द्रहटा स्थित गौशाला से संबंधित हो सकते हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम कुलपहाड़ प्रदीप कुमार, क्षेत्राधिकारी कुलपहाड़ रविकांत गौड़, नायब तहसीलदार पंकज गौतम सहित अजनर थाना, बेलाताल व धवर्रा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थल निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदू संगठनों ने दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की मांग की है। प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। फिलहाल पूरे जिले में इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button