उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़राज्य खबरें

धूमधाम से मनाई गई डॉ. अंबेडकर की जयंती, शोभायात्रा में लगे जय भीम के नारे

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़: जिले के नगर पंचायत कोहड़ौर में मंगलवार को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कस्बे में भव्य शोभायात्रा निकाली गई और गोष्ठियों का आयोजन कर बाबा साहेब के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद व उनके प्रतिनिधि किशन सोनी समेत काफी संख्या में लोगों ने नगर पंचायत अध्यक्ष कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनको नमन किया। चेयरमैन शीतला प्रसाद ने बाबा साहेब के समानता, न्याय और सशक्तिकरण के विचारों को याद करते हुए कहा कि बाबासाहेब का जीवन समाज सुधार और शिक्षा के लिए समर्पित था और उनके बताए रास्ते पर चलकर ही हम एक सशक्त भारत का निर्माण कर सकते हैं। चैयरमैन प्रतिनिधि किशन सोनी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर द्वारा बनाया गया संविधान पूरे देश के लिए गर्व का विषय है, जो सभी नागरिकों को समान अधिकार प्रदान करता है और एक न्यायपूर्ण समाज की स्थापना का मार्ग प्रशस्त करता है। उनके विचार एक समतामूलक और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करते रहेंगे। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने डॉ. अंबेडकर को याद किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। वहीं सरौली के असलम खान ने भी काफी संख्या में लोगों के साथ डॉ. अंबेडकर को नमन करते हुए उनकी जयंती के अवसर पर शोभायात्रा निकाली। बरौली, विजरा व कटारी समेत आसपास के क्षेत्रों से शोभायात्रा लेकर कस्बा कोहड़ौर पहुंचे लोगों का चैयरमैन कार्यालय पर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और अंत में सभी ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button