कूड़ा फेंकने से मना करने पर बुजुर्ग को डंडे से पीटा, रेफर

जन एक्सप्रेस प्रतापगढ़: अंतू थाना इलाके के चतुरपुर उमरी निवासी रामबहादुर विश्वकर्मा ने पड़ोस की ही एक महिला को रास्ते में कूड़ा फेंकने के लिए मना किया तो महिला व उसके परिजनों ने मिलकर बुजुर्ग को गाली गलौज देने के साथ ही उस पर हमलावर हो गए। यही नहीं आरोप है कि गांव के कुछ लड़कों को भी मौके पर बुला लिया और बुजुर्ग को लाठी डंडे से पीटा। बेटा जब बाप को बचाने दौडा तो दबंगों ने उसे भी मारा पीटा जिससे पिता पुत्र दोनों को चोटें आई। सूचना पर एम्बुलेंस मौके पर पहुँची और दोनों घायलों को सीएचसी सण्डवा चन्द्रिका पहुंचाया गया। जहां डाक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद रामबहादुर की हालत गम्भीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रामबहादुर के बेटे ने थाने पर तहरीर देते हुए आरोप लगाया है कि उसके पड़ोसी ने फोन पर लड़कों को बुलाया। और सभी ने डंडे और पाइप से उसके पिता और उसे पीटा। मोबाइल तोड़ दिया घर के पर्दे भी फाड़ दिए। पीड़ित ने आरोपियों का वीडियो भी बनाया है जिसमें हाँथ में डंडा लिए व मुंह कपड़े से ढके हुए आरोपी साफ दिख रहे हैं। फिलहाल पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो महिलाओं व दो अज्ञात समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसओ अंतू ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।






