चित्रकूट के मानिकपुर में घर में लगी भीषण आग, पटाखों के धमाकों से थर्राया इलाका
वाल्मीकि नगर में पटाखों के विस्फोट से मचा हड़कंप, तीन लोग घायल लगातार धमाकों से क्षेत्र में दहशत, डेढ़ घंटे तक जलता रहा घर

जन एक्सप्रेस चित्रकूट, मानिकपुर। चित्रकूट जनपद के मानिकपुर थाना क्षेत्र के वाल्मीकि नगर पश्चिमी वार्ड में एक घर में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर घर में रखे भारी मात्रा में पटाखों में लगातार धमाके होने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल पाए। लगभग डेढ़ घंटे तक धमाकों और आग का तांडव चलता रहा।
धमाकों की गूंज से कांपा मोहल्ला
घटना के दौरान पूरे मोहल्ले में धमाकों की गूंज सुनाई देती रही। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें और धमाकों की आवाजें दूर-दूर तक सुनाई दीं।
प्रशासन और पुलिस मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर एसडीएम, स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों में एक बच्चा और एक बुजुर्ग शामिल हैं जिन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया। बाद में एसडीएम ने पुष्टि की कि तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
पटाखों का अवैध भंडारण बना हादसे का कारण
एसडीएम मानिकपुर ने बताया कि, इस्त्याक नामक व्यक्ति के घर में पटाखे रखे गए थे, जो इनका व्यापार करता है। अवैध रूप से रखे गए पटाखों में ही आग लगने से यह हादसा हुआ। आग पर अब पूरी तरह काबू पा लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है।
बड़ी दुर्घटना से टला संकट
गनीमत रही कि विस्फोटकों के बावजूद कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ। लेकिन घटना ने घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अवैध पटाखा भंडारण पर प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा के अभाव को उजागर कर दिया है।






