जौनपुर कलेक्ट्रेट प्रांगण में झंडारोहण और संविधान की शपथ

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कलेक्ट्रेट प्रांगण में झंडारोहण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना और उसके आदर्शों के प्रति समर्पण की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को देश को एकता, अखंडता और भाईचारे के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण भी किया।
गणतंत्र दिवस पर जिलाधिकारी का संदेश
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संविधान हमारी आत्मा है, और हमें इसके आदर्शों और कर्तव्यों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता सेनानियों, वैज्ञानिकों, किसानों, श्रमिकों और अन्य सभी वर्गों को उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भारत को आगे बढ़ाने के लिए समयबद्धता, प्रतिबद्धता और निष्ठा से काम करना आवश्यक है।
महापुरुषों को श्रद्धांजलि
गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने गांधी तिराहे पर महात्मा गांधी और अंबेडकर तिराहे पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट इशिता किशोर, अपर जिलाधिकारी राम अक्षयबर चौहान, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह और अन्य अधिकारियों ने भी संविधान की महत्ता पर अपने विचार साझा किए।
पुलिस लाइन में भव्य परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम
पुलिस लाइन, जौनपुर में आयोजित भव्य परेड में राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण किया। स्कूली बच्चों ने इस अवसर पर देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सुंदर प्रस्तुतियां दीं। इस कार्यक्रम में मा. एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशु, जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी साई तेजा सीलम, पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।