महोबा में सार्वजनिक स्थानों व रैन बसेरों में नियमित जल रहे अलाव, ठंड से लोगों को राहत

जन एक्सप्रेस/महोबा: शीतलहर के प्रकोप से राहगीरों एवं आम जनमानस को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद द्वारा रैन बसेरों एवं चार दर्जन से अधिक सार्वजनिक स्थानों पर नियमित रूप से अलाव जलवाए जा रहे हैं। इससे ठंड के मौसम में लोगों को काफी राहत मिल रही है।
नगर मुख्यालय में नगर पालिका द्वारा अम्बेडकर पार्क, नवीन प्राइवेट बस स्टैंड, रोडवेज बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन महोबा में रैन बसेरा संचालित किया जा रहा है। रैन बसेरों में यात्रियों के लिए रजाई-गद्दे, तकिया, बेडशीट, रूम हीटर, प्रकाश एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है। रैन बसेरों के रख-रखाव के लिए केयर-टेकर भी तैनात किए गए हैं, जहां नियमित साफ-सफाई कराई जा रही है।
इसी क्रम में नगर के जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, रोडवेज बस स्टैंड, नवीन प्राइवेट बस स्टैंड, आल्हा चौक, तहसील चौराहा, ऊदल चौक, सुभाष चौक, खोबा मंडी, बाल्मीकि चौराहा, झलकारीबाई तिराहा, रेलवे स्टेशन, टैक्सी स्टैंड, परमानंद चौक, हमीरपुर चुंगी, फतेहपुर बजरिया, हवेली दरवाजा, पठा रोड सहित लगभग चार दर्जन सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से अलाव जलवाए जा रहे हैं।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अवधेश कुमार द्वारा रात्रि के समय रैन बसेरों एवं अलाव स्थलों का निरीक्षण किया जा रहा है। बीते दिनों गीली लकड़ी की आपूर्ति एवं कुछ स्थानों पर देर से अलाव जलने की शिकायत मिलने पर ईओ ने प्रभारी सफाई कर्मियों रामसेवक एवं भूपेंद्र कुमार का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया। साथ ही जलाऊ लकड़ी की आपूर्ति करने वाले ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। इस कार्रवाई से कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।








