चारधाम यात्रा 2026: सुरक्षा के लिए उत्तरकाशी में 10 अप्रैल को होगी महा-मॉकड्रिल, NDMA ने कसी कमर

जन एक्सप्रेस/उत्तरकाशी: आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) और उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) के संयुक्त तत्वावधान में एक विस्तृत टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन किया गया।
देश के लिए महत्वपूर्ण है चारधाम यात्रा: एनडीएमए
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता एनडीएमए के सदस्य एवं विभागाध्यक्ष श्री कृष्णा वत्स ने की। उन्होंने संबंधित जनपदों को निर्देशित करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा केवल उत्तराखंड के लिए ही नहीं, बल्कि संपूर्ण देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत सरकार और गृह मंत्रालय का विशेष फोकस यात्रा को आपदा मुक्त बनाना है, जिसके लिए एनडीएमए राज्य को हर तकनीकी और संसाधनपरक सहयोग प्रदान करेगा।
गंगोत्री और यमुनोत्री मार्ग पर 8 स्थानों पर होगा अभ्यास
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में 10 अप्रैल को जनपद के दोनों प्रमुख धामों—गंगोत्री और यमुनोत्री—के चयनित स्थलों पर व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।
-
यमुनोत्री धाम मार्ग: 03 प्रमुख स्थानों का चयन।
-
गंगोत्री धाम मार्ग: 05 प्रमुख स्थानों का चयन।
इन स्थलों पर भूस्खलन, सड़क दुर्घटना या अन्य आकस्मिक आपदा परिदृश्यों का अभ्यास कर विभागों की तत्परता और संसाधन प्रबंधन को परखा जाएगा।
IRS अधिकारियों को जिलाधिकारी के सख्त निर्देश
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (IRS) से जुड़े सभी अधिकारियों को जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र में बैठक कर तैयारियों को समयबद्ध और त्रुटिरहित (Zero-error) रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल के माध्यम से विभागों के आपसी समन्वय और रिस्पॉन्स टाइम को सुधारा जाएगा।
इन विभागों की रही मौजूदगी
बैठक में आपदा प्रबंधन की रीढ़ माने जाने वाले सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी शामिल हुए, जिनमें शामिल हैं:
-
आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसांई
-
NDRF, SDRF, पुलिस, आर्मी, और ITBP के प्रतिनिधि
-
अग्निशमन, लोक निर्माण विभाग (लोनिवि), और BRO के अधिकारी।
प्रशासन द्वारा अवगत कराया गया है कि जनपद स्तर पर मॉक ड्रिल से संबंधित सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।






