उत्तर प्रदेशजौनपुर

जौनपुर के नामी सर्राफा शोरूम पर धोखाधड़ी और धमकी का मुकदमा!

4.64 लाख में बेचा हार, एचयूआईडी नंबर निकला फर्जी — ग्राहक को धमकाने का भी आरोप

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: शहर के एक प्रतिष्ठित सर्राफा शोरूम कीर्ति कुंज 91.6 गोल्ड प्लेस पर धोखाधड़ी और धमकी देने का संगीन मामला सामने आया है। ग्राहक द्वारा शिकायत के बाद पुलिस ने शोरूम संचालक और सेल्समैन के खिलाफ आईपीसी की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह मामला बक्सा थाना क्षेत्र के कुल्हना मऊ कलीचाबाद निवासी हिमांशु मिश्रा की तहरीर पर दर्ज हुआ है। हिमांशु ने बताया कि 19 फरवरी 2025 को उन्होंने शोरूम से 4,64,839 रुपये में एक नेकलेस हार खरीदा, जिसकी पूरी कीमत उसी समय चुकाई गई थी।

लेकिन असली झटका तब लगा, जब हिमांशु ने हार पर अंकित एचयूआईडी (हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर) को जांचने की कोशिश की। शुरुआत में हार पर कोई वैध नंबर ही नहीं था। जब उन्होंने सवाल उठाया, तो शोरूम संचालक हार को अंदर ले जाकर 918 वीसीजे नंबर अंकित करके लौटा लाए।

बाद में जब ग्राहक ने बीआईएस केयर ऐप पर उस एचयूआईडी नंबर की जांच की, तो वह नंबर हार का नहीं बल्कि बाली (झुमका) का विवरण दिखा रहा था। जब वह दोबारा शोरूम पहुंचा और शिकायत करने लगा, तो आरोप है कि शोरूम संचालक और सेल्समैन ने उसे धमकाया और मामले को खत्म करने का दबाव बनाया।

पुलिस ने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है और विवेचना की जिम्मेदारी एस आई नागेश्वर प्रसाद शुक्ल को सौंपी गई है।

उठ रहे हैं बड़े सवाल
यह मामला सामने आने के बाद सर्राफा बाजार में हलचल है। उपभोक्ता संगठनों का कहना है कि अगर नामी ब्रांड और बड़े शोरूम भी ग्राहकों को फर्जी एचयूआईडी देकर गुमराह करें, तो फिर आम उपभोक्ता किस पर भरोसा करे?

क्या है एचयूआईडी ?
बीआईएस द्वारा जारी एचयूआईडी नंबर किसी भी सोने की ज्वेलरी का यूनिक और ट्रैक करने योग्य प्रमाण होता है। यह ज्वेलरी की शुद्धता और प्रमाणिकता की गारंटी मानी जाती है।

अब उपभोक्ताओं को दी जा रही है सलाह
जानकारों और उपभोक्ता मंचों ने ग्राहकों से हर ज्वेलरी खरीद पर बीआईएस हॉलमार्क और एचयूआईडी नंबर की अनिवार्य जांच की सलाह दी है। साथ ही कहा गया है कि बीआईएस केयर ऐप का उपयोग कर ग्राहक आसानी से ज्वेलरी की वास्तविकता की पुष्टि कर सकते हैं।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है और जल्द ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button