गंगा किसी और ने उतारी, चाचा खुद को बता रहे ‘भागीरथ’
कृपाशंकर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया लेटर, कंमेंट्स का लगा अंबार

जन एक्सप्रेस/ राज्य मुख्यालय: कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री और जौनपुर से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी कृपाशंकर इन दिनों सोशल मीडिया पर एक लेटर को लेकर सुर्खियों में हैं। स्टेडियम, कॉरिडोर, रिंग रोड और तमाम विकास की योजनाओं जो अभी पाइप लाइन में हैं या फिर जिन्हें स्थानीय नेताओं ने अपने प्रयासों से पास करा दिया है और उन पर काम चल रहा है। उन सभी योजनाओं का क्रेडिट लेने के लिए नेताजी का मुख्यमंत्री से मिलना-मिलाना और फिर सोशल मीडिया पर लेटर पोस्ट कर जनता को बरगलाना बदस्तूर जारी है। खुद को सक्रिय नेता के रूप में बनाए रखने के लिए नेताजी के ये अशोभनीय प्रयासों की सोशल मीडिया पर खूब किरकिरी हो रही है।
सड़क का डामरीकरण करा दो, जौनपुर में फैक्ट्री लगवा दो
कृपाशंकर (चाचाजी) का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ फोटो और विकास कार्य के लिए दिए पत्र को लेकर तरह-तरह की कमेंट करके मजाक उड़ा रहे हैं। कोई यूजर उनसे जौनपुर में फैक्ट्री लगवाने की बात कह रहा है तो कोई जर्जर हो चुकी सड़क का डामरीकरण करने की बोलकर कमेंट कस रहा है। इतना ही नहीं एक यूजर ने तो यहां तक कह दिया कि आप जैसे होनहार नेता की जौनपुर को जरूरत है….। इसी तरह सैकड़ों पोस्ट ऐसी हैं, जिन्हें पढ़कर अंदाजा लगाया जा सकता है कि जनता नेताजी को कितना सम्मान दे रही है।
हो चुके और हो रहे कामों का क्रेडिट लेने की मंशा
कृपाशंकर ने सोशल मीडिया पर 16 विकास कार्यों को कराए जाने को लेकर एक पोस्ट शेयर की है। जिसमें जौनपुर के धार्मिक स्थल मां शीतला मंदिर (चौकियां धाम) कॉरिडोर बनाने का भी जिक्र है। हैरानी की बात ये है कि जिस मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए नेताजी क्रेडिट लेना चाह रहे हैं, उसे जौनपुर सदर विधायक और खेल-युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव के प्रयासों से पहले से ही पास कराया जा चुका है और काम भी चल रहा है।

शासन से जारी पत्र संलग्न कर लताड़ा
यूजर प्रदीप तिवारी ने चौकिंया धाम के विकास का क्रेडिट लेने के लिए चाचाजी को शब्दों की लताड़ लगाते हुए कहा कि चौकियां धाम के विकास का कार्य कराने के प्रस्ताव का दावा है तो यहां धाम क्षेत्र के विकास के लिए मंत्री गिरीश यादव के प्रस्ताव पर स्वीकृति हो चुकी है। उन्होंने कहा कि किसी के सशक्त होने (दावे) का मतलब यह होना चाहिए कि आप अपनी जगह सही रहे झूठे दावे न करें। बातों और दावो में स्पष्टता हो। इस संबंध में यूजर ने शासन से जारी पत्र भी संलग्न किया।
अडानी-अंबानी से कहकर फैक्ट्री खुलवा देते तो…
कमेंट का सिलसिला जारी है…। उन्हीं में से एक कमेंट बदलापुर के यूजर सुशील मिश्र जमदग्निपुरम का है। जिन्होंने कृपाशंकर से लिखा कि चाचाजी आपकी पहुंच अडानी-अंबानी तक है। आपसे अपील है कि बदलापुर के लिए कोई एक फैक्ट्री मिल जाती तो महती कृपा होती। युवा भाइयों को बाहर न भटकना पड़ता। अपील करते हुए लिखा एक ट्रेन बदलापुर से मुंबई के लिए चलवा देते तो लोगों को मुंबई जाने के लिए बनारस, फूलपुर और प्रयागराज न जाना पड़ता।
हम पर भी थोड़ी ‘कृपा’ कर दो चाचा…
यूजर ठा. मनीष सिंह दुर्गवंशी ने चाचाजी को हाथ जोड़कर प्रमाण किया और कहा कि मेरे गांव राजाबाजार से कठार होते हुए पट्टी को रोड जाती हैं, जो जौनपुर और प्रतापगढ़ को जोड़ती है। यह सड़क एकदम जर्जर हो चुकी है। स्थानीय विधायक रमेश चंद्र मिश्रा सुनते ही नहीं है। चाचा जी आपसे यही कहना है आप इस रोड पर ध्यान दें…।
मिले एम्स की सौगात तो बने बात
मछली गांव के यूजर सनी शुक्ल ने लिखा कि बदलापुर विधानसभा में विकास की गंगा बहाने के लिए चाचाजी ने कई योजनाओं की मांग की जिनका स्वागत है, लेकिन बदलापुर विधानसभा में विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने समग्र विकास किया है। आप महाराष्ट्र सरकार में गृह राज्यमंत्री रह चुके हैं और राष्ट्रीय स्तर की राजनीति करते हैं। आपसे निवेदन है कि बदलापुर विधानसभा में एम्स जैसे अस्पताल के निर्माण और बड़े उद्योग स्थापित करने का प्रयास करें। तो बात बने।
नेताजी के कारनामों से सकते में स्थानीय नेता
भाजपा नेता कृपाशंकर के दावे और लेटर बम ने जौनपुर की राजनीति में ब्लास्ट कर दिया है। स्थानीय नेताओं को कृपाशंकर के मुख्यमंत्री से मिलने-मिलाने और पत्र सौंपने पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन लेटर को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर क्रेडिट लेने की मंशा को लेकर सकते में हैं। एक स्थानीय नेता का कहना है कि एक दशक से भी ज्यादा समय से क्षेत्र के विकास के लिए लखनऊ और दिल्ली की दौड़ लगाते रहे हैं और जब मेहनत का फल मिलने की बारी आई तो कृपाशंकर जैसे दलबदलू नेता क्रेडिट लेने की कतार में खड़े हा रहे हैं।






