अयोध्या में आस्था का स्वर्णिम क्षण: कर्नाटक से आई 200 करोड़ की दिव्य रामलला प्रतिमा
सोने-चांदी और हीरे से निर्मित प्रभु श्रीराम की भव्य प्रतिमा राम जन्मभूमि मंदिर पहुंची

जन एक्सप्रेस अयोध्या।रामनगरी अयोध्या से इस समय की बड़ी खबर सामने आई है। कर्नाटक से तैयार होकर आई प्रभु श्रीरामलला की दिव्य और भव्य प्रतिमा श्री राम जन्मभूमि मंदिर, अयोध्या पहुंच चुकी है। इस प्रतिमा की अनुमानित लागत करीब 200 करोड़ रुपये बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रभु श्रीरामलला की यह प्रतिमा सोने, चांदी और हीरों से निर्मित है। कारीगरी और शिल्पकला की दृष्टि से यह प्रतिमा अद्भुत मानी जा रही है। इसमें पारंपरिक भारतीय शिल्प के साथ आधुनिक तकनीक का भी समावेश किया गया है।इस दिव्य प्रतिमा का निर्माण कर्नाटक के प्रसिद्ध शिल्पकारों द्वारा किया गया है। महीनों की मेहनत और गहन साधना के बाद इस प्रतिमा को अंतिम रूप दिया गया, जिसे विशेष सुरक्षा और विधि-विधान के साथ अयोध्या लाया गया।
रामनगरी में उत्सव का माहौल
प्रतिमा के अयोध्या पहुंचते ही रामनगरी में उत्सव जैसा माहौल बन गया। श्रद्धालुओं और संत समाज में भारी उत्साह देखने को मिला। “जय श्रीराम” के नारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
राम मंदिर की भव्यता को मिलेगा नया आयाम
माना जा रहा है कि इस दिव्य प्रतिमा की स्थापना से श्री राम जन्मभूमि मंदिर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गरिमा और अधिक बढ़ेगी। यह प्रतिमा न केवल श्रद्धा का केंद्र बनेगी, बल्कि भारतीय कला और आस्था का अनुपम प्रतीक भी होगी।






