चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनावी बिगुल, 4 मई को आएंगे नतीजे
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान, अन्य राज्यों में एक चरण में वोटिंग

जन एक्सप्रेस/नई दिल्ली: देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों का कार्यक्रम चुनाव आयोग ने घोषित कर दिया है। चुनावी प्रक्रिया के तहत अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग तिथियों पर मतदान कराया जाएगा, जबकि सभी राज्यों के परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। यहां पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। दोनों चरणों की मतगणना 4 मई को की जाएगी। वहीं असम, केरल और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। इन राज्यों में भी मतगणना 4 मई को ही होगी।
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए 23 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा और इसके परिणाम भी 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
चुनाव आयोग द्वारा कार्यक्रम घोषित किए जाने के साथ ही संबंधित राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। राजनीतिक दलों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं और जल्द ही चुनाव प्रचार अपने पूरे चरम पर पहुंचने की संभावना है।






