नानकसागर डैम पार बिसोटा में नवीन पुलिस चौकी का शुभारंभ

जन एक्सप्रेस /नानकमत्ता :- अपराध और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से नानकमत्ता कोतवाली क्षेत्र के सीमावर्ती एवं संवेदनशील गांव बिसोटा में नवीन पुलिस चौकी का निर्माण कराया गया है। रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ नवीन पुलिस चौकी का शुभारंभ किया।
पुलिस के अनुसार नानकसागर डैम पार स्थित बिसोटा क्षेत्र की सीमावर्ती स्थिति को देखते हुए यहां पुलिस की स्थायी मौजूदगी जरूरी थी। नई चौकी के संचालन से क्षेत्र में नियमित गश्त, संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग तथा संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी को और प्रभावी बनाया जा सकेगा। इससे नशा तस्करी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

पुलिस के मुताबिक वर्ष 2026 में नानकमत्ता क्षेत्र में अपराध और नशे के खिलाफ कई कार्रवाई की गई हैं। आबकारी अधिनियम के तहत 38 मामलों में 42 आरोपियों को गिरफ्तार कर 1,218 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। वहीं एनडीपीएस एक्ट के तहत 30 मुकदमों में 42 नशा तस्करों की गिरफ्तारी के साथ 592.62 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
इसके अलावा शस्त्र अधिनियम के तहत 13 मुकदमे दर्ज कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 13 अवैध तमंचे व पांच चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई की तथा स्मैक तस्करी में संलिप्त तीन आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है।

एसएसपी अजय गणपति ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि नशे के कारोबार, तस्करी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि अपराध और नशे के खिलाफ कार्रवाई में आमजन का सहयोग महत्वपूर्ण है।






