
जन एक्सप्रेस /काशीपुर :- राधा कृष्ण मंदिर परिसर में जन्माष्टमी के दिन हुई चोरी का काशीपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की सोने की चेन, चांदी का छत्र, चांदी की नाग प्रतिमा और 4336 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 1.30 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर को राधा कृष्ण मंदिर निवासी उमेश डुंगरियाल ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति मंदिर परिसर में घुसकर उनके कमरे से सोने की चेन और मंदिर की चांदी की सामग्री व नकदी चोरी कर ले गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए गठित टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सुरागरसी-पतारसी की। इसी दौरान 13 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ईदगाह के सामने आम के बाग से अमन अहमद उर्फ मन्नू (25) पुत्र जमील अहमद निवासी पक्काकोट पुष्प विहार कॉलोनी काशीपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर घटना का खुलासा करने का दावा किया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में एसआई गिरीश चंद्र, एएसआई प्रकाश सिंह बोरा, कांस्टेबल गौरव सनवाल और कांस्टेबल दर्शन सिंह शामिल रहे।






