मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

जिला संवाददाता-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस/हरदोई : मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत थाना हरपालपुर पुलिस ने जूनियर विद्यालय हरपालपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर क्राइम हेल्पलाइन) के बारे में बताया गया। पुलिस ने बच्चों को गुड टच और बैड टच के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी असहज या गलत व्यवहार की स्थिति में बिना डर के अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस टीम ने ऑनलाइन ठगी और साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय भी बताए। बच्चों को समझाया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
पुलिस ने बच्चों से कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराध और महिला-बाल अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।





