Crimeअपराधउत्तराखंडदेहरादूनदेहरादून

पौड़ी आत्महत्या मामले में भाजयुमो प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली पद से हटाए गए

जन एक्सप्रेस/देहरादून: पौड़ी कोतवाली क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जितेंद्र कुमार नामक युवक ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें उसने कुछ लोगों पर जमीन के सौदे को लेकर लगातार परेशान करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का गंभीर आरोप लगाया।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भाजयुमो (भारतीय जनता युवा मोर्चा) के प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली समेत पांच लोगों को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही भाजपा संगठन ने भी सख्ती दिखाते हुए हिमांशु चमोली को उनके पद से हटा दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि जैसे ही यह विवाद पार्टी के संज्ञान में आया, हिमांशु चमोली को तुरंत पद से मुक्त कर दिया गया। वहीं भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत ने आधिकारिक तौर पर उन्हें पद से हटाने का पत्र जारी किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह चमोली का व्यक्तिगत मामला है और इसमें कानून अपना काम करेगा।

महेंद्र भट्ट ने दोहराया कि भाजपा अनुशासन और सिद्धांतों वाली पार्टी है, जहां नीतियों और शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जाता। दूसरी ओर, वायरल वीडियो के बाद प्रदेश सरकार ने भी त्वरित संज्ञान लिया और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर दी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button