
जन एक्सप्रेस/नई टिहरी :- नई टिहरी स्थित अखिल विश्व गायत्री परिवार शक्तिपीठ में आयोजित गुरुपूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से गुरुपूर्णिमा का शुभकामना संदेश पढ़ा तथा देवभूमि उत्तराखंड के जैविक उत्पाद संतों को भेंट किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर गायत्री परिवार की ओर से जिलाधिकारी को अंगवस्त्र एवं धार्मिक साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया।
“गुरु सच्चाई और सदाचार का मार्ग दिखाते हैं”
गायत्री भवन स्थित साधना केंद्र में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल ने सभी संतों, श्रद्धालुओं और गायत्री परिवार के सदस्यों को गुरुपूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु वह हैं जो व्यक्ति को सच्चाई, ईमानदारी और सही मार्ग पर चलना सिखाते हैं। गुरु कोई भी हो सकता है, लेकिन जिसे गुरु का स्थान मिला है, उसे अपने आचरण से दूसरों के लिए प्रेरणा बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति संस्कारित और अच्छा बनेगा तो परिवार मजबूत होगा और मजबूत परिवार मिलकर एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण करेंगे। व्यक्ति के विचार और स्वभाव उसके आसपास के वातावरण से भी प्रभावित होते हैं। टिहरी के लोगों की सकारात्मक सोच इस जिले की विशेष पहचान है।
संस्कारों से ही बनेगा बेहतर समाज
जिलाधिकारी ने कहा कि गायत्री परिवार समाज को जोड़ने और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने नई पीढ़ी को अच्छे संस्कार देने के लिए सकारात्मक सामाजिक वातावरण बनाने पर बल दिया। उन्होंने सभी से अपने गुरुजनों का सम्मान करने, उनके बताए मार्ग पर चलने तथा समाज हित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नई टिहरी मोहन सिंह रावत, विजय जड़धारी, सुशील बहुगुणा, शांतिकुंज से बी.पी. बधानी, देवी सिंह पंवार, कुंवर सिंह राणा, कृष्ण भूषण पेटवाल सहित अनेक संत, गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
संवाददाता: चंद्रप्रकाश बहुगुणा






